– किच्छा में लेफ्ट पार नहर परियोजना का हुआ स्थलीय निरीक्षण
– विद्युत पोल हटते ही पूरा होगा सिंचाई विभाग का काम
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
किच्छा। क्षेत्र में लंबे समय से लंबित किच्छा लेफ्ट पार नहर परियोजना और उससे जुड़ी जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विवेक दीप सिंह की पहल पर सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता ने उच्चस्तरीय टीम के साथ परियोजना स्थल का जायजा लिया और वास्तविक स्थिति का विस्तृत सर्वे किया।
गौरतलब है कि किच्छा क्षेत्र में नहर निर्माण का काम अधूरा रहने और बरसात के दिनों में होने वाले जलभराव से आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस गंभीर जनसमस्या को लेकर भाजपा नेता विवेक दीप सिंह ने हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की थी। ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए शासन-प्रशासन हरकत में आया और अधिकारियों की टीम तुरंत धरातल पर जांच के लिए पहुंची।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विभाग के स्तर पर परियोजना का केवल 30 मीटर का हिस्सा ही अधूरा है। यह काम क्षेत्र में मौजूद बिजली के दो खंभों (पोल) के कारण रुका हुआ है। अधिकारियों ने भरोसा दिया कि जैसे ही विद्युत विभाग द्वारा इन खंभों को हटाकर शिफ्ट किया जाएगा, सिंचाई विभाग का शेष काम तत्काल पूरा कर लिया जाएगा।
जांच के दौरान यह बात भी सामने आई कि क्षेत्र में जल निकासी और जलभराव की समस्या को हमेशा के लिए समाप्त करने से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण काम लोक निर्माण विभाग और शहरी विकास विभाग के अधिकार क्षेत्र में आते हैं।
इस पर विवेक दीप सिंह ने कहा कि वे जल्द ही पीडब्ल्यूडी और शहरी विकास विभाग के उच्च अधिकारियों से मुलाकात कर कार्यों में तेजी लाने का आग्रह करेंगे, ताकि सभी संबंधित विभाग मिलकर इस परियोजना को अंतिम रूप दे सकें।
समस्या के त्वरित निस्तारण के लिए विभागीय प्रक्रिया शुरू कराने पर विवेक दीप सिंह व स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद अजय भट्ट का आभार व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान पूर्व मंडल अध्यक्ष लवी सहगल, वार्ड सभासद सोभित शर्मा सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।




