– प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को बांटी जिम्मेदारी
– भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन करेंगे शिरकत, तैयारियां तेज
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। 10 सितंबर को रुद्रपुर में आयोजित होने वाले पंजाबी गौरव सम्मेलन को ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं व पंजाबी-सिख समाज को संबोधित करेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन और कार्यक्रम की सफलता को लेकर रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में ऊधमसिंह नगर और काशीपुर जिले की संयुक्त व्यवस्था बैठक आयोजित की गई। दीप प्रज्वलन व वंदे मातरम् के साथ शुरू हुई इस बैठक में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यह सम्मेलन केवल एक संगठनात्मक आयोजन नहीं, बल्कि तराई क्षेत्र और देश के विकास में पंजाबी समाज के अमूल्य योगदान को सम्मान देने का अवसर है। विभाजन की विभीषिका और विस्थापन की त्रासदी झेलने के बावजूद पंजाबी समाज ने अपने परिश्रम, पुरुषार्थ और राष्ट्रभक्ति से कृषि, उद्योग, व्यापार, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्रों में राज्य व देश का मान बढ़ाया है।
बैठक को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने संबोधित किया। महेंद्र भट्ट ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए दोनों जिलों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय से समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया। अजय भट्ट एवं सौरभ बहुगुणा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाकर समाज के प्रत्येक वर्ग तक सम्मेलन का संदेश पहुंचाएं।
बैठक में जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल, काशीपुर जिलाध्यक्ष मनोज पाल, विधायक शिव अरोरा, हरभजन सिंह चीमा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, प्रेम सिंह राणा, रुद्रपुर महापौर विकास शर्मा, काशीपुर महापौर दीपक बाली, दर्जा राज्यमंत्री उत्तम दत्ता, किसान आयोग उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नामधारी, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, संदीप बाजवा, गुरविंदर सिंह चंडोक, गुंजन सुखीजा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।




