– मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी करने वाले 2 शातिर चोर गिरफ्तार
न्यूज़ एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। (उधमसिंह नगर)। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कृष्णा कॉलोनी स्थित एक बंद मकान में हुई लाखों रुपये की सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी का महज 48 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए 2 शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से चोरी गए शत-प्रतिशत आभूषण बरामद कर लिए गए हैं।
कृष्णा कॉलोनी निवासी विजय कुमार प्रसाद ने 3 सितंबर को तहरीर देकर बताया था कि वे 28 अगस्त को परिवार के साथ अयोध्या घूमने गए थे। वापस लौटने पर मकान और अलमारी के ताले टूटे मिले तथा सारे जेवरात गायब थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सटीक सूचना पर ट्रांजिट कैंप पुलिस ने पंचवटी स्टेट के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने रक्षाबंधन के अगले दिन बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की थी और वे इन जेवरों को बेचने जा रहे थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों में सुनील राजपूत (19 वर्ष), निवासी कृष्णा कॉलोनी, ट्रांजिट कैंप, उधमसिंहनगर और विश्वजीत मंडल (23 वर्ष), निवासी सौरभ नगर, ट्रांजिट कैंप, उधमसिंहनगर शामिल थे। अभियुक्तों से सोने का 1 हार, 1 मांगटीका, 1 मंगलसूत्र, 1 चैन मय लॉकेट, 1 जोड़ी झुमके, 4 अंगूठियां, 1 नथ और चांदी का 1 ब्रेसलेट, 2 सिक्के, 4 जोड़ी पायल, 5 जोड़ी बिछिया, 1 चैन, 1 कमरबंद, 2 जोड़ी पायजन बरामद हुई। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी, उ0नि0 कीर्ति भट्ट, उ0नि0 जितेन्द्र खत्री समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।




