सल्ट में अमर शहीदों को नमन, खुमाड़ में उमड़ा जनसैलाब
बृजेश तिवारी
सल्ट (अल्मोड़ा)। स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राण न्योछावर करने वाले सल्ट के अमर शहीदों की बरसी पर शनिवार को खुमाड़ स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लग गया। सुबह से ही हजारों की संख्या में स्थानीय निवासियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और राजनीतिक दिग्गजों ने स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों के बलिदान को याद किया और उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि सल्ट के वीरों का त्याग और बलिदान देश के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। सल्ट विधायक महेश जीना ने शहीदों की शहादत को आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। इस दौरान रानीखेत विधायक प्रमोद नैनवाल, कांग्रेस नेत्री कंचन रावत, गंगा पंचोली, विक्रम रावत, यूकेडी के प्रताप बसनाल सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
शहीद दिवस पर अलग-अलग सजे राजनीतिक मंच
शहादत के इस पावन अवसर पर श्रद्धांजलि के साथ-साथ क्षेत्र में राजनीतिक हलचल भी साफ नजर आई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने खुमाड़ स्थित मैदान में अपना अलग मंच सजाया, तो वहीं कांग्रेसियों ने पोखरी में अपना पृथक कार्यक्रम आयोजित किया। दोनों ही प्रमुख दलों ने अपने-अपने मंचों के जरिए शहीद दिवस पर पहुंची भीड़ के बीच अपनी राजनीतिक पैठ मजबूत करने का प्रयास कि
या।




