


विधायक शिव अरोरा ने डीएम से की मुलाकात
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। अतिनिर्धन और जरूरतमंद परिवारों के लिए जीवनयापन का सहारा बनने वाली वृद्धावस्था, विकलांग और विधवा पेंशन पिछले तीन महीनों से न मिलने का मामला अब सुलझ गया है। रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने इस गंभीर समस्या को लेकर बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों के साथ जिलाधिकारी नितिन भदौरिया से मुलाकात की। विधायक की तत्परता और समस्या की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने समाज कल्याण विभाग को अगले 48 घंटे के भीतर सभी लाभार्थियों के खातों में पेंशन की राशि हस्तांतरित करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
सोमवार को विधायक शिव अरोरा ने डीएम से कहा कि जिले भर के हजारों ऐसे गरीब परिवार हैं, जिनका गुजारा पूरी तरह से इस सरकारी पेंशन पर निर्भर है। अप्रैल माह से भी पहले से पेंशन न मिलने के कारण इन परिवारों के सामने जीवन यापन का गहरा संकट खड़ा हो गया था। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की इस कल्याणकारी योजना का महत्व बताते हुए कहा, एक निर्धन व्यक्ति के जीवन में प्रति माह मिलने वाली यह पेंशन बहुत मायने रखती है। इसके रुकने से उनका दैनिक जीवन कठिन हो जाता है। लेकिन अब जिलाधिकारी से मुलाकात के बाद समाज कल्याण विभाग को निर्देशित कर दिया गया है। अगले 48 घंटे में सभी पेंशन धारकों के खातों में राशि आनी शुरू हो जाएगी।
वहां पर एडीएम पंकज उपाध्याय सहित सुमन देवी, पुष्पा, सरोज, रामवती, रामकिशोर, प्रभु दयाल, रेखा देवी, अल्का, ममता आदि कई लाभार्थी मौजूद रहे।

