


2 किलो से ज्यादा अवैध गांजा बरामद, कार सीज
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। पुलिस की एएनटीएएफ और बगवाड़ा चौकी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नशे के एक सौदागर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 2.058 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसे वह एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में छिपाकर तस्करी कर रहा था।
रविवार रात करीब 8:30 बजे उप निरीक्षक सुरेंद्र रिंगवाल और एएनटीएएफ टीम बगवाड़ा मंडी गेट के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रुद्रपुर की ओर से आ रही एक स्विफ्ट कार UK06 AQ 6079 के चालक ने पुलिस टीम को देखकर गाड़ी पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर बगवाड़ा शिव मंदिर के पास कार को रोक लिया। कार चला रहे युवक की पहचान भोला साहनी निवासी सुभाष कॉलोनी, वार्ड-14, रुद्रपुर के रूप में हुई। कार की तलाशी लेने पर पिछली सीट के नीचे से दो पारदर्शी थैलियों में भरा 2.058 किलो गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह पिछले डेढ़ साल से इस धंधे में है। वह गदरपुर के महतोष क्षेत्र से कम दाम में गांजा खरीदकर बगवाड़ा निवासी सुनीता देवी को बेचने जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक एप्पल का मोबाइल और तस्करी में प्रयुक्त कार को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

