


आम के पेड़ों की कटाई की अनुमति के लिए मांगी थी रिश्वत
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, किच्छा। सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने उद्यान विभाग के ज्येष्ठ निरीक्षक को एक लकड़ी ठेकेदार से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। ठेकेदार से आम के पेड़ों की कटाई की अनुमति के लिए रिश्वत मांगी थी।
शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान को शिकायत देकर कहा था कि वह पिछले 5-6 वर्षों से लकड़ी के ठेकेदारी का कार्य करता है। उसने ग्राम गऊघाट में काश्तकारों से निजी आम के पेड़ खरीदे थे। 26 आम के पेड़ों की कटाई के लिए अनुमति की आवश्यकता थी। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने और मौके के निरीक्षण के बावजूद, उद्यान विभाग के ज्येष्ठ निरीक्षक बादल पाण्डे ने 16 पेड़ों की कटाई की अनुमति जारी करने के बदले 12,000 रुपये की रिश्वत मांगी।
इस पर उसने सतर्कता विभाग के टोल फ्री नंबर 1064 पर मामले की जानकारी दी। शुरुआती जांच में आरोप सही पाए जाने पर थाना सतर्कता अधिष्ठान, हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक ट्रैप टीम का गठन किया गया।
9 अप्रैल को योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाते हुए ट्रैप टीम ने आरोपी बादल पाण्डे को उसके किच्छा स्थित उद्यान सचल दल केंद्र कार्यालय में शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी की पहचान बादल पाण्डे (पुत्र बची राम पाण्डे), निवासी शक्ति विहार तल्ली हल्द्वानी के रूप में हुई है।
सतर्कता विभाग के निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने इस सफल कार्रवाई के लिए ट्रैप टीम की सराहना की है और उन्हें नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई भी लोक सेवक रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी सूचना टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 और व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर दें।

