गाड़ी लेने पहुंचे थे हथियारबंद युवक, दहशत फैलाने को चलाई गोलियां

तीन अभियुक्त गिरफ्तार, पिस्टल-तमंचे और कारतूस बरामद

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के शिव एन्क्लेव में आधी रात फायरिंग और वाहनों में तोड़फोड़ के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल, दो .315 बोर तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

पुलिस के अनुसार 24 सितंबर की रात शिव एन्क्लेव में साजेब उर्फ अरमान नामक युवक अपनी परिचित से मिलने पहुंचा था। कॉलोनी के लोगों की नजर पड़ने के बाद वह मौके से निकल गया, लेकिन उसकी कार वहीं छूट गई। इसके बाद साथियों को फोन कर कार निकालने के लिए बुलाया गया।

पांच युवक कार लेने शिव एन्क्लेव पहुंचे थे। वहां भीड़ देखकर उन्होंने हवाई फायरिंग शुरू कर दी, जिससे लोग घरों में भाग गए। कार के टायरों के नट खुले मिलने के कारण वे उसे नहीं ले जा सके। इसके बाद गुस्से में वहां खड़ी दो गाड़ियों को तलवार से क्षतिग्रस्त किया और फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर एफसीआई गोदाम के सामने किच्छा रोड से तीन अभियुक्तों नन्दू निवासी ग्राम नई बस्ती खानपुर, पोस्ट कौशलगंज, तहसील विलासपुर, थाना बिलासपुर, जिला रामपुर, सोहेल निवासी ग्राम सिरौली कला, थाना पुलभट्टा, किच्छा, हाल निवासी आजादनगर वार्ड नं0 07, श्मशान भूमि रोड, ईंटों के फड़ के पास, थाना ट्रांजिट कैम्प और सुमित अधिकारी उर्फ बंगाली निवासी भदईपुरा वार्ड नं0 14, बंगाली मंदिर के पास, थाना ट्रांजिट कैम्प को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त नन्दू के कब्जे से एक अवैध पिस्टल 32 बोर दो जिन्दा कारतूस, अभियुक्त सुमित बंगाली एवं सोहेल के कब्जे से एक-एक अवैध देशी तमंचा 315 बोर व एक-एक जिन्दा कारतूस बरामद हुआ

पुलिस के मुताबिक नन्दू के खिलाफ पहले से हत्या समेत कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सोहेल और सुमित का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी, व0उ0नि0 मुकेश मिश्रा, उ0नि0 प्रकाश चन्द्र, उ0नि0 जितेन्द्र खत्री, अपर उ0नि0 चन्द्र प्रकाश बवाड़ी समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement