रुद्रपुर में पुलिस टीम से मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने वाले दो अभियुक्त गिरफ्तार

– एसएसपी अजय गणपति ने अपनाया सख्त रुख

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। एसएसपी अजय गणपति के अपराधियों के विरुद्ध अपनाए गए सख्त रुख के तहत कोतवाली पुलिस ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से अभद्रता, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, एक अगस्त को डायल-112 पर सूचना प्राप्त हुई कि स्थानीय झील के पास कुछ लोग बच्चों के साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली रुद्रपुर से वरिष्ठ उप निरीक्षक खुशवंत सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।

पुलिस टीम के पहुंचते ही आरोपी उग्र हो गए और उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की, मारपीट और जान से मारने की धमकी देते हुए सरकारी कार्य में व्यवधान डाला। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही धर दबोचा और कोतवाली ले आई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 121(1), 351(2) तथा 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि दोनों अभियुक्तों के खिलाफ नियमानुसार सख्त विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में गुरप्रीत सिंह (27 वर्ष) निवासी प्रीत विहार, रुद्रपुर (मूल निवासी पंजाब) और सुरजीत कुमार (28 वर्ष) पुत्र बाबूराम, निवासी बेस पड़ेमा, थाना जहानाबाद, जनपद पीलीभीत शामिल हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement