– चार अभियुक्त गिरफ्तार, 165 टुकड़े केबल और कार बरामद
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
खटीमा। पुलिस ने विद्युत केबल चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई विद्युत केबल तथा घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, 33/11 केवी उपसंस्थान हल्दी (खटीमा) के अवर अभियंता विनोद चंद्र जोशी ने डायल-112 के माध्यम से सूचना दी कि ग्राम चंदेली में 11 केवी कृषि फीडर से अज्ञात चोरों ने विद्युत केबल काट ली है और उसे कार में भरकर ग्राम बंडीया की ओर भाग रहे हैं।
सूचना मिलते ही सत्रहमील मझौला चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक किशोर पंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्राम बंदिया स्थित भीम कॉलोनी के पास विद्युत विभाग की टीम के सहयोग से संदिग्ध कार (संख्या UK-06-BF-0797) को रोककर उसमें सवार चार लोगों को हिरासत में लिया गया।आरोपियों की पहचान अलीम निवासी ग्राम सिरौलीकला, थाना पुलभट्टा, उधमसिंह नगर, जुनैद निवासी दोपहरिया रोड, सिरौलीकला, थाना पुलभट्टा, उधमसिंह नगर, मो. अय्यूब निवासी सिरौलीकला, थाना पुलभट्टा, उधमसिंह नगर, पिंटू कुमार सिंह निवासी नगला, थाना पंतनगर के रूप में हुई। कार की तलाशी लेने पर 2 से 3 फीट लंबे विद्युत केबल के कुल 165 टुकड़े बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹2.50 लाख बताई जा रही है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इससे पहले भी खटीमा क्षेत्र में विद्युत केबल चोरी कर कबाड़ियों को बेच चुके हैं। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य नेटवर्क और कबाड़ियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। अवर अभियंता की तहरीर के आधार पर थाना खटीमा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।




