


प्रेमनगर थाना प्रभारी हुए घायल, अस्पताल में भर्ती
न्यूज एंड नॉक डेस्क, देहरादून। प्रेमनगर इलाके में बीती देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में एक बदमाश मारा गया, जबकि बदमाशों की गोली लगने से प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौड़ गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार की रात कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि गुजरात नंबर की कार में सवार तीन
बदमाशों ने देवराज नामक व्यक्ति से 2 लाख और मोबाइल लूटकर उन्हें गोली मार दी है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी नरेश राठौड़ ने टीम के साथ बदमाशों का पीछा किया। पुलिस ने बदमाशों को जंगल की घेराबंदी कर रुकने की चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली थाना प्रभारी को जा लगी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं, जिसमें एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी तुरंत मौके और अस्पताल पहुंचे। घायल बदमाश को कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उसका नाम अकरम है और उस पर हत्या, लूट सहित कईं संगीन मुकदमें दर्ज घर।
घायल थाना प्रभारी और पीड़ित व्यापारी का उपचार जारी है। पुलिस ने जिले के सभी बॉर्डरों पर सघन चेकिंग अभियान छेड़ दिया है और फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है।

