पार्किंग में स्विफ्ट खड़ी कार से बरामद हुआ हथियारों का जखीरा

स्पेशल टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई, कार में रखी थी पंप एक्शन गन राइफल और पिस्टल

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

काशीपुर। क्षेत्र में स्पेशल टास्क फोर्स ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है। एसटीएफ की 10 सदस्यीय टीम ने एक निजी कार पार्किंग में खड़ी स्विफ्ट कार पर अचानक छापेमारी की। कार के भीतर से चार अत्याधुनिक हथियार और 237 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। इतनी बड़ी मात्रा में अहलहे मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं।

 

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात एसटीएफ को वाहन में अवैध हथियारों की मौजूदगी की सटीक और गोपनीय इनपुट मिली थी। सूचना की पुष्टि होते ही एसटीएफ निरीक्षक एमपी सिंह और अरुण कुमार के नेतृत्व में टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की। जब कार संख्या UK18 P 5046 की तलाशी ली गई, तो अधिकारी भी हैरान रह गए। कार के भीतर से एक 12 बोर पंप एक्शन बंदूक, एक .22 बोर राइफल, एक .32 बोर पिस्टल और एक .32 बोर रिवॉल्वर बरामद की गई।

एसटीएफ निरीक्षक एमपी सिंह ने बताया कि मामला अभी शुरुआती चरण में है। यह हथियार वैध हैं या अवैध, और इन्हें किस मकसद से यहाँ पार्क किया गया था, इसकी गहनता से जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां कार मालिक की पहचान करने और किसी संभावित आपराधिक गैंग या तस्करी नेटवर्क से इसके संबंधों का पता लगाने में जुट गई हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement