पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार और शुभेंदु अधिकारी के सीएम बनने पर कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

विधायक शिव अरोड़ा ने बांटी कार्यकर्ताओं को झालमुड़ी

न्यूज एंड नॉक डेस्क, रुद्रपुर। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत और शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पार्टी कार्यकर्ता उत्साहित हैं। शनिवार को रुद्रपुर के मुखर्जी नगर में क्षेत्रीय विधायक शिव अरोड़ा ने बंगाली समाज के लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पारंपरिक झालमुड़ी बांटकर इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और लाखों कार्यकर्ताओं के बलिदान और संघर्ष का परिणाम है। बंगाल की जनता ने ममता सरकार की तानाशाही, गुंडागर्दी और अराजकता के खिलाफ वोट देकर एक नए युग की शुरुआत की है। बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं की सरेआम हत्याएं और आम आदमी का उत्पीड़न चरम पर था, जिसे जनता ने प्रचंड जनादेश से उखाड़ फेंका है। देश की जनता का अटूट विश्वास पीएम मोदी के साथ है, यही कारण है कि आज अधिकांश राज्यों में भाजपा की सरकार है।

उन्होंने विश्वास जताया कि बंगाल की इस लहर का असर आगामी समय में दिखेगा और उत्तराखंड में भी भाजपा पुनः तीसरी बार सरकार बनाएगी। वहां पर मंडल महामंत्री राधेश शर्मा, पार्षद कुसुम शर्मा, हरीश गाईन, खोखन साना, बलाई विश्वास, श्यामल रंग, निरपद सरदार, परितोष मंडल, रवि सरकार, प्रसाद मंडल, चंदन प्रजापति, जयराम प्रजापति आदि मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement