दबंगों ने पत्रकार के घर में घुसकर की मारपीट, पत्नी और बच्चों को भी पीटा

घर के आगे रेत को लेकर हुआ था विवाद, मुकदमा दर्ज

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के फुलसुंगा स्थित वनखण्डी नाथ कॉलोनी में एक पत्रकार के घर में घुसकर दबंगों द्वारा जानलेवा हमला, मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने न सिर्फ पत्रकार को लात-घूसों से पीटा, बल्कि बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी और मासूम बच्चों को भी नहीं बख्शा। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मूल रूप से वनखण्डी नाथ कॉलोनी (फेज-1, फुलसुंगा) निवासी पीड़ित दुर्गा प्रसाद तिवारी उर्फ दुर्गेश तिवारी पेशे से पत्रकार हैं। उनके मकान में इन दिनों राजमिस्त्री का कार्य चल रहा है, जिसके चलते घर के गेट के सामने कुछ रेत (रेता) रखी हुई थी। पड़ोसी नरेश रस्तोगी को इससे गाड़ी निकालने में परेशानी हो रही थी, जिसकी शिकायत उन्होंने ट्रांजिट कैंप थाने में की थी। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने ही नरेश रस्तोगी ने गाली-गलौच शुरू कर दी थी, जिसे पुलिसकर्मियों ने शांत कराया और दोनों पक्षों को थाने बुलाया था।

पीड़ित दुर्गेश तिवारी ने बताया कि थाने से लौटने के बाद जब वह दोपहर में अपने कमरे के अंदर लैपटॉप पर खबर लिख रहे थे और बच्चे अपनी मां से पढ़ रहे थे, तभी आरोपी नरेश रस्तोगी, कुणाल रस्तोगी, दीपू रस्तोगी और एक स्कूटी पर सवार दो अन्य अज्ञात बदमाश जबरन गेट खोलकर घर की लॉबी में घुस आए।

आरोपियों ने घर के अंदर घुसते ही पत्रकार दुर्गेश तिवारी पर लात-घूसों की बरसात कर दी। जब उन्हें बचाने के लिए उनकी पत्नी कांति तिवारी और आठ वर्षीय पुत्र कार्तिक तिवारी आगे आए, तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की और उन्हें थप्पड़ मारे। पत्रकार के दूसरे बेटे हर्ष तिवारी ने जब इस पूरी घटना का वीडियो बनाना शुरू किया, तो आरोपियों ने उसकी भी बेरहमी से पिटाई कर दी। हालांकि, घटना का वीडियो मोबाइल में सुरक्षित है।

मारपीट के दौरान ही पीड़ित के बेटे ने मुस्तैदी दिखाते हुए 112 नंबर पर पुलिस को फोन किया। वहीं, शोर शराबा सुनकर घर में रहने वाले किरायेदार अजय और लवली मौके पर पहुंचे, जिन्होंने बमुश्किल बीच-बचाव कर पीड़ित परिवार को अंदर कमरे में सुरक्षित किया। खुद को घिरता देख और पुलिस की गाड़ी आते देख स्कूटी सवार दोनों अज्ञात बदमाश और अन्य आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पीड़ित पत्रकार ने ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों से अपने परिवार की जान-माल का खतरा जताया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement