ऑटो में बैठते ही पलक झपकते उड़ गया गहनों से भरा बैग, शक के घेरे में ऑटो चालक

Share News

बैग में रखा था करीब साढ़े पांच तोले सोने का चंपाकली हार और मंगलसूत्र

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। गदरपुर जाने के लिए ऑटो में बैठे एक परिवार के साथ पलक झपकते ही बड़ी वारदात हो गई। ऑटो में सह-सवारियों के रूप में बैठे शातिर चोरों ने महिला के हाथ से आभूषणों से भरा बैग उड़ा लिया। पीड़ित ने इस पूरे घटनाक्रम में ऑटो चालक की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पुलिस के कई चक्कर काटने के बाद आखिरकार तहरीर के आधार पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों की तलाश में जुट गई है।

तल्लीताल , नैनीताल के तल्ला कृष्णापुर निवासी कुंदन सिंह नयाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती 9 मई की दोपहर करीब एक बजे वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गदरपुर जाने के लिए रुद्रपुर के डीडी चौक पर उतरे थे। वहां से वे गदरपुर जाने वाले एक ऑटो में बैठ गए थे। उस वक्त ऑटो में पहले से चार अन्य सवारियां भी बैठी हुई थीं। ऑटो जैसे ही गाबा चौक के समीप पहुंचा और परिवार वहां उतरा, तो उनके होश उड़ गए। कुंदन सिंह की पत्नी के हाथ में जो बैग था, वह गायब हो चुका था।

पीड़ित कुंदन सिंह के मुताबिक, चोरी गए बैग में ढाई तोले का सोने का चंपाकली हार और तीन तोले का सोने का मंगलसूत्र रखा हुआ था। बैग गायब देख जब उन्होंने ऑटो चालक से गाड़ी पीछे घुमाने और शक के आधार पर सवारियों को चेक करने के लिए कहा, तो चालक ने साफ इनकार कर दिया। पीड़ित के बार-बार गिड़गिड़ाने और आग्रह करने के बावजूद चालक गाड़ी लेकर आगे निकल गया।

इसके बाद बेबस परिवार ऑटो के पीछे करीब तीन किलोमीटर पैदल दौड़कर वापस डीडी चौक पहुंचा और संदिग्ध सवारियों की काफी तलाश की, लेकिन शातिर चोर तब तक रफूचक्कर हो चुके थे। कुंदन सिंह ने बताया कि घटना के बाद वे न्याय के लिए कोतवाली से लेकर आवास विकास चौकी और पुलिस के कई दफ्तरों के चक्कर काटते रहे। पुलिस उन्हें सीमा क्षेत्र के विवाद में उलझाती रही। काफी मान-मनौव्वल और समय बर्बाद होने के बाद आखिरकार स्पष्ट हुआ कि यह मामला कोतवाली चौकी क्षेत्र का है, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज किया।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *