


जिला पंचायत के भीतर शह-मात का खेल, तबादला रुकवाने के लिए मशक्कत करने की चर्चा
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। जिला पंचायत ऊधम सिंह नगर के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है। लगभग 20 वर्ष पूर्व ड्राफ्टमैन के रूप में सेवा शुरू करने वाले और पिछले दो वर्षों से प्रभारी अभियंता की कुर्सी संभाल रहे मोहन सिंह बिष्ट का उनके पूरे सेवाकाल में पहली मर्तबा जिले से बाहर ट्रांसफर हुआ है।
आदेश के मुताबिक वे मूल पद कनिष्ठ अभियंता के रूप में अब बागेश्वर जिला पंचायत भेजे गए हैं।इस ट्रांसफर के पीछे एक बड़े प्रशासनिक और राजनीतिक समीकरण को जोड़कर देखा जा रहा है।
दरअसल, हाल ही में ऊधम सिंह नगर जिला पंचायत में स्थानांतरित होकर आए अभियंता जफर अंसारी की आमद के बाद से ही यहां की लॉबिंग काफी सक्रिय हो गई थी। गलियारों में चर्चा है कि मोहन बिष्ट के हटने के इस पूरे घटनाक्रम को रुकवाने और जिला पंचायत में पुराना दबदबा कायम रखने के लिए एक मजबूत लॉबी (गुट) एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। बताया का रहा है कि इसके लिए बड़े स्तर पर बातचीत की चर्चा है। अब देखना यह होगा कि निदेशालय के इस कड़े रुख के आगे यह लॉबी कितनी कामयाब हो पाती है।

