यूएसएन प्रो टी 20 लीग: गदरपुर थंडर को हराकर काशीपुर किंग बनी चैंपियन

Share News

विजेता टीम को पुरस्कार के रूप में मिले 5 लाख रुपये

अवनीश सुधा बने ‘मैन ऑफ द मैच’, युवराज चौधरी को मिला ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ़ उधम सिंह नगर के तत्वावधान में खेले गए उधम सिंह नगर प्रो टी 20 क्रिकेट लीग का खिताबी मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। फाइनल मैच में काशीपुर किंग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गदरपुर थंडर को 3 विकेट से हराकर चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

एमिनिटी क्रिकेट ग्राउंड पर फाइनल मुकाबले का शुभारंभ क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ़ उत्तराखंड के उप सचिव नूर आलम ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। मैच में गदरपुर थंडर के कप्तान और रणजी खिलाड़ी युवराज चौधरी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले खेलते हुए गदरपुर थंडर की टीम 19.3 ओवरों में 147 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से मयंक मुडिला ने 50 गेंदों पर शानदार 66 रन और कप्तान युवराज चौधरी ने 37 गेंदों पर 4 चौकों व 3 छक्कों की मदद से 46 रनों की पारी खेली। काशीपुर किंग की तरफ से गेंदबाजी में रविंद्र नेगी और मयंक गौतम ने 2-2 विकेट चटकाए, जबकि अवनीश सुधा, हर्ष राणा और विनय कुमार को 1-1 विकेट मिला।

148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी काशीपुर किंग की शुरुआत दमदार रही। टीम ने 18.4 ओवरों में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 3 विकेट से खिताबी जीत दर्ज की। काशीपुर की ओर से अवनीश सुधा ने 68 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली, जिसके लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं, युवराज बोरा ने भी 39 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। गदरपुर थंडर की तरफ से गेंदबाज देवेंद्र बोरा ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, लेकिन वह अपनी टीम को हार से नहीं बचा सके।

टूर्नामेंट के समापन पर मुख्य अतिथि मिंडा कंपनी के एचआर पर्थ प्रतिम मिद्या, सीएयू के उपाध्यक्ष अजय पांडे, कोषाध्यक्ष मानस मेघवाल और बॉलीवुड एक्टर अहर्षदीप सिंह संधू ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। विजेता टीम काशीपुर किंग को 5,00,000 नगद और चमचमाती ट्रॉफी और उपविजेता गदरपुर थंडर को 3,00,000 नगद और ट्रॉफी दी गई। टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी युवराज चौधरी (रणजी खिलाड़ी), सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज युवराज चौधरी, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज देवेंद्र बोरा चुने गए।

क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उधम सिंह नगर के जिला अध्यक्ष अजय तिवारी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस ऐतिहासिक फाइनल के दौरान काशीपुर किंग के मालिक दीपक शर्मा व नंदन सिंह बोरा, गदरपुर थंडर के मालिक आनंद कुमार मौर्य, आफताब आलम, गौरव तिवारी, मोहम्मद नवाज, किशन अनैरिया, बलवंत सिंह, कीरत पन्नू, अमित कंबोज, जितेंद्र छाबड़ा, राजेंद्र सक्सेना, कादर खान और राजीव ठकुराल सहित सैकड़ों खेल प्रेमी और दर्शक मौजूद रहे।

 

 

 

 


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *