


– उत्तराखंड कांग्रेस का बड़ा संगठनात्मक फैसला
न्यूज एंड नॉक संवाददाता
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी सांगठनिक चुनौतियों और चुनावों को देखते हुए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपनी जमीनी पकड़ को और मजबूत करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की स्वीकृति के बाद राज्य के विभिन्न जिलों में नए ब्लॉक और नगर पंचायत कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों के नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है।
मंगलवार को कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, ये नियुक्तियां पार्टी के विशेष ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत की गई हैं। यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा। इन नियुक्तियों के पीछे कांग्रेस का मुख्य उद्देश्य पार्टी संगठन को बूथ स्तर पर अधिक सशक्त, एकजुट और सक्रिय बनाना है, ताकि आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों में जनता के बीच मजबूती से पैठ बनाई जा सके। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) राजेन्द्र सिंह भण्डारी के हस्ताक्षरों और आधिकारिक मुहर के साथ अनुमोदित की गई है। इस सूची में कुमाऊं और गढ़वाल दोनों मंडलों के विभिन्न जिलों जैसे पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल, उधमसिंह नगर, अल्मोड़ा, देहरादून (पछुवादून/परवादून), हरिद्वार, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी (पुरोला) और पौड़ी के अंतर्गत आने वाले ब्लॉक व नगर पंचायतों में स्थानीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए ऊर्जावान चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसमें अमित पाठक (बेरीनाग), बीना देवी (मुनस्यारी), प्रकाश कांडपाल (कपकोट), रंजीत रावत (गरुड़), रोहित बुडलाकोटी (कालाढूंगी), धर्मेंद्र सिंह (महुआ डाबरा), उस्मान अली (इमलीखेड़ा), रतन सिंह नेगी (तपोवन), लायक राम शर्मा (त्यूनी), अमर सिंह (चकराता), सुंदर लाल उनियाल (भिलांगना), कुलदीप सिंह एरी (काशीपुर) और मदन रावत (गुप्तकाशी) समेत दर्जनों नेताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में कांग्रेस संगठन की कमान दी गई है।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सभी नवनियुक्त ब्लॉक और नगर पंचायत अध्यक्षों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया है कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी संगठन को मजबूत करने में अपनी पूरी ताकत झोंक देंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को प्रदेश के जन-जन तक पहुँचाने तथा आगामी सभी सांगठनिक कार्यक्रमों को सफल बनाने में इन नेताओं की भूमिका अत्यंत सक्रिय और महत्वपूर्ण रहेगी।

