₹16.61 करोड़ के आधुनिक ड्रेनेज प्रोजेक्ट को कमिश्नर की हरी झंडी

Share News

रुद्रपुर में जलभराव से मिलेगी मुक्ति, महापौर ने की कमिश्नर से मुलाकात

न्यूज एंड नॉक संवाददाता 

रुद्रपुर। शहर को स्मार्ट, सुव्यवस्थित और जलभराव मुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक बड़ा कदम बढ़ाया है। महापौर विकास शर्मा ने कुमाऊं मंडल के आयुक्त और विकास प्राधिकरण के सचिव दीपक रावत से मुलाकात कर शहर के सबसे महत्वपूर्ण ड्रेनेज प्रोजेक्ट पर विस्तार से चर्चा की। आयुक्त दीपक रावत ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर अपनी सैद्धांतिक सहमति दे दी है।

नगर निगम द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए तैयार की गई इस परियोजना की अनुमानित लागत 16 करोड़ 61 लाख 61 हजार निर्धारित की गई है। इसके तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-87 पर अटरिया मोड़ से डीडी चौक होते हुए त्रिशूल चौक तक सड़क के दोनों ओर आधुनिक आरसीसी नाले का निर्माण किया जाएगा। हाईवे के किनारे आम नागरिकों और पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए सुरक्षित व सुव्यवस्थित फुटपाथ बनाया जाएगा। इस परियोजना से बरसाती जल की निकासी व्यवस्था को स्थायी मजबूती मिलेगी।

महापौर विकास शर्मा ने इस महत्वपूर्ण जनहित परियोजना के संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी एक विस्तृत पत्र भेजा है। इसमें  अनुरोध किया गया है कि नगर निगम के पास इतनी बड़ी परियोजना को स्वयं पूरा करने के लिए पर्याप्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध नहीं हैं। अतः जिला विकास प्राधिकरण के माध्यम से इस परियोजना के लिए आवश्यक धनराशि शीघ्र स्वीकृत की जाए ताकि धरातल पर काम शुरू हो सके।

महापौर ने कमिश्नर को अवगत कराया कि बरसात के दिनों में रुद्रपुर शहर में गंभीर जलभराव होता है, जिससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यह केवल एक नाला निर्माण का कार्य नहीं है, बल्कि यह शहर के भविष्य की आधारभूत संरचना से जुड़ा एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। इससे न केवल जलभराव की समस्या खत्म होगी, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था भी सुगम और सुरक्षित बनेगी।

इस मुलाकात के बाद महापौर ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में इस परियोजना के लिए बजट जल्द ही स्वीकृत होगा और रुद्रपुर को एक स्मार्ट व सुरक्षित शहर बनाने का सपना तेजी से साकार होगा।

 


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *