– 8 तमंचों के साथ दो गिरफ्तार, आधी रात मुठभेड़
– एक बदमाश के पैर में लगी गोली; यूपी से तमंचे लाकर उत्तराखंड में बेचने की थी तैयारी
– रामपुर में 5 हजार रुपये में खरीदकर 8 हजार में बेचने का था सौदा
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर/ दिनेशपुर। उत्तराखंड में अवैध हथियारों की खेप खपाने आ रहे दो युवकों का सामना पुलिस से हुआ तो उन्होंने गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से आठ अवैध तमंचे, 12 कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि आरोपी उत्तर प्रदेश से तमंचे लाकर उत्तराखंड में बेचने की फिराक में थे। पुलिस अब हथियारों के खरीदारों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर की रात एसओजी रुद्रपुर और दिनेशपुर पुलिस की संयुक्त टीम महतोष-मकरंदपुर मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। रात करीब दो बजे मोटरसाइकिल से आ रहे दो संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मोटरसाइकिल छोड़कर गन्ने के खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें मनोज कुमार के बाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
5 हजार में तमंचा खरीदा, 8 हजार में बेचने की थी तैयारी
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त का खुलासा हुआ है। आरोपियों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिसौली निवासी महावीर से तमंचे लेकर आए थे। इन हथियारों को पांच-पांच हजार रुपये में खरीदकर आठ-आठ हजार रुपये में बेचने की योजना थी।पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी रुद्रपुर के रम्पुरा निवासी बंटी कोली के संपर्क में भी थे। पुलिस का कहना है कि बंटी कोली पूर्व में एक मुठभेड़ में घायल हुआ था और फिलहाल जेल में बंद है। पुलिस अब इस संपर्क और हथियारों की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
आठ तमंचे, 12 कारतूस और बाइक बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने सात देशी तमंचे .315 बोर, एक देशी तमंचा .32 बोर, आठ जिंदा कारतूस .315 बोर, चार खोखा कारतूस .315 बोर और एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मनोज कुमार पूर्व में भी जेल जा चुका है। वहीं, दूसरे आरोपी अनमोल यादव के संबंध में दी गई जानकारी में वर्ष 2023 में हत्या के मामले में जेल जाने का उल्लेख है। पुलिस दोनों के आपराधिक रिकॉर्ड और हथियार तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है।पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना दिनेशपुर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और आयुध अधिनियम की धारा 3/25 में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, मनोज कुमार के संबंध में ट्रांजिट कैंप कोतवाली में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी भी दी गई है। पुलिस का कहना है कि अवैध असलहों की सप्लाई चेन, संभावित खरीदारों और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।




