एलएससी इन्फ्राटेक ने रुद्रपुर में किया वृक्षारोपण

Share News

– पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एलएससी इन्फ्राटेक लिमिटेड (कुमार ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज) द्वारा किच्छा बाईपास रोड, रुद्रपुर में एक वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्रुप के निदेशक अभिषेक अग्रवाल और जिला खान अधिकारी मनीष परिहार की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में न केवल पौधे रोपे गए, बल्कि उनके पूर्ण संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।

एक वृक्ष मां के नाम अभियान की सराहना

कुमार ग्रुप के निदेशक अभिषेक अग्रवाल ने उपस्थित लोगों से पर्यावरण को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधे लगाकर धरती को हरा-भरा रखना और पर्यावरण का संरक्षण करना हर व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है। हमारे ग्रुप द्वारा अपने अन्य प्रतिष्ठानों पर भी हजारों की संख्या में वृक्षारोपण किया गया है। भविष्य की चुनौतियों के प्रति सचेत करते हुए उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि इस मानसून सत्र में ग्रुप द्वारा विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण अभियान चलाकर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने उत्तराखंड सरकार के एक वृक्ष मां के नाम अभियान की सराहना करते हुए इसे ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर समस्याओं का एक प्रभावी समाधान बताया और हर नागरिक से प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाने का आह्वान किया।

केवल पौधा लगाना काफी नहीं, संरक्षण भी जरूरी: जिला खान अधिकारी

जिला खान अधिकारी मनीष परिहार ने एलएससी इन्फ्राटेक के प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि विगत माह उनके अनुरोध पर ग्रुप द्वारा बाजपुर के एक इंटर कॉलेज परिसर में भी वृहद वृक्षारोपण किया गया था, जहाँ विभिन्न प्रजातियों के फलदार और छायादार पौधे लगाए गए थे। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें बड़ा होने तक संरक्षण देना भी हमारी जिम्मेदारी है। यदि हम सब मिलकर सामूहिक प्रयास करें, तो हमारा शहर और देश हरा-भरा व प्रदूषण मुक्त बन सकता है। इस अवसर पर कुमार ग्रुप के अधिकारी, कर्मचारी और कई स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

 


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *