16 तोला सोना और 1 किलो चांदी के साथ शातिर चोर गिरफ्तार

Share News

– ऊधमसिंहनगर पुलिस की बड़ी कामयाबी

– पंतनगर में हुई लाखों की चोरी का 24 घंटे में खुलासा

न्यूज एंड नॉक संवाददाता

पंतनगर। क्षेत्र के शांतिपुरी में हुई लाखों रुपये की सनसनीखेज चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक शातिर चोर को भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषणों और चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दूसरे साथी की तलाश जारी है। पुलिस को चोर का पता लगाने के लिए 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी पड़ी।

पंतनगर थाना क्षेत्र के शांतिपुरी नंबर-01 निवासी प्रकाश चन्द के नवनिर्मित मकान की खिड़की की ग्रिल काटकर अज्ञात चोरों ने अलमारी में रखे 16 तोला सोने के आभूषण, 1 किलो चांदी और करीब 7 से 8 लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया था। टीमों ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्यों और सटीक सुरागरसी के आधार पर किच्छा के गडरियाबाग निवासी अभियुक्त अजय उर्फ अज्जू निवासी गडरियाबाग, किच्छा को दबोच लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से पुलिस ने 160 ग्राम सोने के आभूषण (लगभग 16 तोला), 01 किलोग्राम चांदी के आभूषण (जिसमें भगवान गणेश-लक्ष्मी की प्रतिमाएं, कमरबंद, पायल व बिछुए शामिल हैं),  चोरी की एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वारदात को अंजाम दिया गया था, यह बाइक ट्रांजिट कैंप क्षेत्र से चोरी की गई थी) बरामद की।

पुलिस पूछताछ में शातिर चोर ने स्वीकार किया कि उसने चोरी किए गए करीब 7 लाख रुपये अपने बैंक खातों में जमा करवा दिए हैं। पुलिस अब उन संबंधित बैंक खातों को तुरंत फ्रीज कराने की विधिक कार्रवाई कर रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त अजय उर्फ अज्जू एक शातिर और पेशेवर अपराधी है। इसके खिलाफ पहले से ही थाना किच्छा में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट (आयुध अधिनियम) के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इसके खिलाफ थाना पंतनगर में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। टीम में थानाध्यक्ष नन्दन सिंह रावत, उपनिरीक्षक।नरेन्द्र सिंह अधिकारी, पंकज सिंह महर, हेड कांस्टेबल भूवन पाण्डे, मतलूब खान, कांस्टेबल राजेन्द्र कोरंगा, श्यामसुन्दर, भूपाल सिंह, एसओजी रुद्रपुर टीम में शामिल कांस्टेबल भूपेन्द्र, पंकज बिनवाल, वीरेन्द्र रावत एवं शुभम सैनी थे

 

 


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *