हरेला पर्व पर खनन विभाग की अनूठी पहल

पंतनगर सिडकुल में विकसित किया गया भव्य फ्रूट गार्डन

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व हरेला के पावन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक सराहनीय पहल की गई है। खनन निदेशक राजपाल लेघा के निर्देशन में जिला खान अधिकारी द्वारा पिछले एक सप्ताह से चलाए जा रहे व्यापक जनभागीदारी वृक्षारोपण अभियान के तहत आज रुद्रपुर के सिडकुल क्षेत्र में सैकड़ों फलदार पौधे रोपित कर एक सुंदर ‘फ्रूट गार्डन’ विकसित किया गया।

इस वृहद अभियान में किच्छा और आसपास के खनन कारोबारियों सहित स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल प्रतीकात्मक रूप से पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके जीवित रहने, सुरक्षा और संवर्धन की जिम्मेदारी लेना है। जिला खान अधिकारी ने सिडकुल में पौधारोपण के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रकृति के साथ ही प्रगति संभव है। यदि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी, तभी यह अभियान अपने वास्तविक उद्देश्य को प्राप्त कर सकेगा और आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पर्यावरण मिल सकेगा।

पिछले एक सप्ताह से चल रहे इस विशेष अभियान को सफल बनाने में स्थानीय खनन व्यवसायियों ने सक्रिय योगदान दिया। विभाग और व्यवसायियों के इस साझा प्रयास की क्षेत्र में सराहना हो रही है। सिडकुल क्षेत्र में विकसित किया गया यह ‘फ्रूट गार्डन’ आने वाले समय में न केवल हरियाली बढ़ाएगा बल्कि जैव विविधता के संरक्षण में भी मददगार साबित होगा।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement