


– वन विभाग ने कैंटर से बरामद किए 480 टिन
– घेराबंदी कर परिचालक दबोचा, चालक फरार
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रामनगर। तराई पश्चिमी वन प्रभाग की बन्नाखेड़ा और बरहैनी रेंज की संयुक्त टीम ने अवैध लीसा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। रानीखेत-भिकियासैण से रामनगर के रास्ते आ रहे एक कैंटर से टीम ने भारी मात्रा में अवैध लीसा बरामद किया है। तस्करों ने वन विभाग की आंखों में धूल झोंकने के लिए गाड़ी में लीसे के टिनों के ऊपर फूड क्रेट लाद रखे थे।
22 जुलाई की सुबह बन्नाखेड़ा वन क्षेत्राधिकारी को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कैंटर पंजीकरण संख्या UK19CA0856 रानीखेत-भिकियासैण से वाया बेतालघाट होकर रामनगर से बन्नाखेड़ा की ओर आ रहा है। इस ऐप।उप वन क्षेत्राधिकारी दीवान सिंह रौतेला के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। बन्नाखेड़ा, बैलपड़ाव, नयागाँव और बरहैनी क्षेत्रों में तुरंत नाकेबंदी के निर्देश दिए गए और बरहैनी रेंज के स्टाफ को अलर्ट पर रखा गया।
इस दौरान नयागाँव में सघन चेकिंग के दौरान संदिग्ध कैंटर बैलपड़ाव की तरफ से आता दिखा। जब टीम ने वाहन को रोकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे तेजी से बरहैनी की ओर मोड़ दिया।
बन्नाखेड़ा और बरहैनी रेंज की संयुक्त टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए वाहन का पीछा किया। घिरता देख चालक ने गाड़ी को नयागाँव-बरहैनी मोटर मार्ग पर जंगल के किनारे रोक दिया और चालक व परिचालक दोनों जंगल की ओर भागने लगे। टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर परिचालक को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि चालक घने जंगल का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। वाहन की तलाशी लेने पर ऊपर फूड क्रेट लदे मिले। जब टीम ने फूड क्रेट्स को हटाकर नीचे देखा तो काली पन्नी से ढके हुए लीसे के 480 टिन बरामद हुए।
पकड़े गए परिचालक से लीसे के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद वन विभाग ने कैंटर।को मय 480 टिन लीसे के अपनी विभागीय अभिरक्षा में ले लिया। वाहन और जब्त माल को विधिक कार्यवाही हेतु रेंज कार्यालय बन्नाखेड़ा ले जाया गया है।

