स्मार्ट गांव, डिजिटल पढ़ाई: रुद्रपुर के छह गांवों की बदलेगी तस्वीर

– विधायक की पहल पर नेस्ले इंडिया सीएसआर से बनाएगी आदर्श ग्राम

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रूद्रपुर। शहरों की तर्ज पर अब रुद्रपुर विधानसभा के गांव भी चमकेंगे। विधायक शिव अरोड़ा की एक बड़ी पहल रंग लाई है, जिसके तहत नेस्ले इंडिया प्राइवेट लिमिटेड अपनी कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी के जरिए छह प्रमुख ग्रामसभाओं छतरपुर, धर्मपुर (मटकोटा), बिंदुखेड़ा, किरतपुर, दानपुर और बागवाला को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने जा रहा है।

बृहस्पतिवार को विधायक शिव अरोरा ने अपने कार्यालय में हुई पत्रकार वार्ता में बताया कि इस पूरी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए नेस्ले इंडिया, BAIF डेवलपमेंट रिसर्च फाउंडेशन के साथ मिलकर काम करेगा। इस एकीकृत ग्रामीण विकास परियोजना को मुख्य रूप से चार स्तंभों पोषण, स्वच्छता, स्थिरता और सामुदायिक विकास पर केंद्रित किया गया है। इसके तहत हर गांव को स्वच्छता के लिए कंपनी की ओर से ई-वाहन दिए जाएंगे जो घर-घर से कचरा उठाएंगे। खास बात यह है कि तीन वर्षों तक इनके रखरखाव (मेंटेनेंस) की जिम्मेदारी भी कार्यदायी संस्था की होगी। प्रत्येक गांव में 40-40 सोलर लाइटें लगाई जाएंगी। दानपुर और किरतपुर में यह कार्य शुरू भी हो चुका है।

उन्होंने बताया कि राजकीय प्राइमरी स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम बनाए जाएंगे ताकि ग्रामीण बच्चों को आधुनिक शिक्षा मिले। वहीं, इंटर कॉलेजों में साइंस लैब का निर्माण और समय-समय पर कौशल विकास प्रशिक्षण आयोजित होंगे। स्कूलों में आरओ वाटर टैंक, वॉल पेंटिंग और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। जल संकट वाले क्षेत्रों में जलमीनार (वॉटर टैंक) बनाए जाएंगे। ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य के लिए न्यूट्रिशन गार्डन किट (उत्तम बीज) दिए जाएंगे ताकि वे पौष्टिक फल-सब्जियां उगा सकें। साथ ही गांव के पार्कों को संवारा जाएगा।

विधायक ने कहा कि छह और कम्पनियों को इस तरह के प्रस्ताव दिए हैं। कोई भी गांव विकास से अछूता नहीं रहेगा। जिलाधिकारी के सहयोग और नेस्ले इंडिया के साथ लंबे समय से चल रही वार्ता के बाद यह सहमति बनी है। पहले चरण में हमने 6 गांवों को चुना है। अन्य बड़ी कंपनियों से भी बातचीत जारी है, जल्द ही बाकी ग्रामसभाओं को भी इसी तर्ज पर गोद दिलवाकर विकसित किया जाएगा। अब हमारे पिछड़े गांव भी शहरों की तरह सुविधाओं से लैस होंगे।

वहां पर नेस्ले इंडिया से विशाल गर्ग, छतरपुर प्रधान हरीश भट्ट, धर्मपुर प्रधान दीपक गोस्वामी, बिंदुखेड़ा प्रधान केवल सिंह, किरतपुर प्रधान आशीष यादव, दानपुर प्रधान मनदीप वर्मा, बागवाला प्रधान प्रमोद कुमार, गदरपुर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर, भाजपा नेता उपेंद्र चौधरी और मयंक कक्कड़ मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement