कांवड़ यात्रा रूट पर बंद होंगी मांस की दुकानें

Share News

– महापौर ने दिए सख्त निर्देश, वीएचपी और बजरंग दल के ज्ञापन पर फैसला

– कांवड़ रूटों पर रोशनी और पेयजल के भी होंगे खास इंतजाम

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो 

रुद्रपुर। पवित्र श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा की पवित्रता और शिवभक्तों की आस्था को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने बड़ा निर्णय लिया है। नगर निगम क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग पर सावन के पूरे महीने मांस, मछली और अंडे की दुकानें पूरी तरह से बंद रहेंगी। इसके साथ ही कांवड़ मार्गों और प्रमुख शिव मंदिरों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

बृहस्पतिवार को यह फैसला महापौर विकास शर्मा ने विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के प्रतिनिधिमंडल द्वारा सौंपे गए ज्ञापन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए लिया है। दोनों संगठनों के के पदाधिकारियों ने महापौर शर्मा से मुलाकात कर कांवड़ यात्रियों के अनुकूल व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग उठाई थी। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि हर साल बड़ी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार और अन्य धार्मिक स्थलों से पवित्र गंगाजल लेकर आते हैं। यात्रा मार्गों पर मांस-मछली की दुकानें खुलने और कई जगह गंदगी रहने से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत होती हैं तथा विवाद की स्थिति बनने का अंदेशा रहता है।

उनकी मांग कर महापौर ने नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर आने वाली मांस, मछली और अंडे की दुकानों को सावन माह के दौरान अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा।शहर के सभी प्रमुख शिव मंदिरों, कांवड़ मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित रूप से गहन सफाई अभियान चलाया जाएगा। मार्गों पर पेयजल, स्ट्रीट लाइट/प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर यातायात व्यवस्था को भी सुचारु रखा जाएगा।

श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं: महापौर

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि श्रावण मास शिवभक्तों की अगाध आस्था का पर्व है। नगर निगम श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का पूरा सम्मान करता है। कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो, इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पूरे सावन माह में शहर में स्वच्छ और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।

इस दौरान विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष रवींद्र पाल सिंह, जिला मंत्री राजेंद्र सिंह मेहरा, नगर अध्यक्ष सचिन शर्मा समेत वीएचपी और बजरंग दल के तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *