मेडिकल की आड़ में चल रहा था नशे का कारोबार

Share News

– कार और फ्लैट से बरामद हुई 200 बोतल कोडीन सिरप

– एसटीएफ और औषधि विभाग की संयुक्त कार्रवाई में नशीली दवाओं के अवैध नेटवर्क का पर्दाफाश

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

हरिद्वार। एसटीएफ, औषधि विभाग और थाना ज्वालापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सराय गांव स्थित वैभव मेडिकल स्टोर के संचालक को 200 बोतल अवैध कोडीन युक्त सिरप के साथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, संयुक्त टीम हरिद्वार क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों के निरीक्षण पर थी। इसी दौरान गोपनीय इनपुट मिला कि आर्य नगर, थाना ज्वालापुर निवासी आकाश छाबड़ा अपने आवास पर अवैध रूप से नशीले सिरप का भंडारण कर रहा है। इस ले पुलिस टीम ने अभियुक्त के आवास, फ्लैट और उसकी वैगनआर कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार और परिसर से दो पेटियों में रखी कुल 200 बोतल कोडीन युक्त सिरप बरामद हुई। बरामदगी के बाद जब पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक आकाश छाबड़ा से सिरप की खरीद-बिक्री और भंडारण के वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई कागजात पेश नहीं कर सका। कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशा करने वाले लोगों को फुटकर (रिटेल) में यह सिरप बेचकर मुनाफा कमाता था।

वैध लाइसेंस और अभिलेख न होने के कारण पुलिस ने आरोपी आकाश छाबड़ा को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के खिलाफ थाना ज्वालापुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूछताछ में सामने आए सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

एसटीएफ ने आम जनता से अपील की है कि वे नशे के कारोबार से दूर रहें। यदि कहीं भी नशा तस्करी से जुड़ी कोई जानकारी मिले, तो तुरंत नजदीकी थाने या एसटीएफ/एएनटीएफ उत्तराखंड के हेल्पलाइन नंबरों (0135-2656202, 9412029536) पर संपर्क करें।

 

 

Medical Store


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *