– कैंपा कोला की डिस्ट्रीब्यूटरशिप का दिया था झांसा
– साइबर क्राइम थाना सेल ने दिल्ली से की गिरफ्तारी

न्यूज एंड नॉक संवाददाता,रुद्रपुर। ब्रांडेड कैम्पा कोला कंपनी की डिस्ट्रीब्यूटरशिप देने का झांसा देकर 23.25लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को साइबर क्राइम थाना सेल ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्त खुद को नामी गिरामी कंपनी का अधिकारी बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे और ठगी को अंजाम देते थे। दोनों आरोपी बिहार के रहने वाले हैं।
बुधवार को एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह ने बताया कि नवंबर 2025 में रुद्रपुर के रहने वाले एक व्यक्ति के साथ कैंपा कोला कंपनी का डिस्ट्रीब्यूटरशिप दिलाने के नाम पर 23.55 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई थी। इस मामले में केस दर्ज करने के बाद तफ्तीश साइबर क्राइम थाना सेल कुमाऊं परिक्षेत्र को सौंपी गई थी। विवेचक अरुण कुमार ने अपनी टीम के साथ विवेचना की। इसमें सामने आया कि कैम्पा कोला का डिस्ट्रीब्यूटरशिप देने वाला एक गिरोह है।इस गिरोह में सबसे ज्यादा सक्रिय रामकुमार निवासी ग्राम लक्ष्मीपुर अकबरपुर, नवादा, बिहार और शुभम कुमार निवासी ग्राम गोरईया बीघा, कतवीश सराय, नालंदा, बिहार हैं। दोनों खुद को रिलायंस कंपनी का अधिकारी बताते हुए साइबर ठगी करते है और रकम को खातों में समायोजित कर खपाने में अहम भूमिका निभाते है। सर्विलांस की मदद से 23 दिसंबर को टीम ने दिल्ली के विजयनगर रोहिणी इलाके में दबिश देकर दोनों अभियुक्तों को दबोच लिया है। आरोपियों से ठगी में इस्तेमाल उपकरण बरामद किए हैं। साइबर की टीम ने अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है।
—
अभियुक्तों से बरामद सामान
– 08 विभिन्न कम्पनियो के मोबाईल फोन मय सिम कार्ड,
– 27 विभिन्न बैको की पासबुक
– 18 विभिन्न बैको की चैकबुक
– 30 विभिन्न बैको के एटीएम कार्ड
– 05 आधार कार्ड व पैन कार्ड
—

