एनकाउंटर: रामनगर के जंगलों में गूंजी गोलियां

– 15 मुकदमों का आरोपी चंदन सागर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रामनगर। कोतवाली क्षेत्र में देर रात पुलिस और लंबे समय से वांछित अपराधी के बीच एक भीषण मुठभेड़ हो गई। मालधन के 64 नंबर गेट के पास जंगल में छिपे शातिर बदमाश चंदन सागर ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय भर्ती कराया गया।

जानकारी के मुताबिक, रामनगर के शिवलालपुर निवासी चंदन सागर पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था। पुलिस दबिश के दौरान वह हाथीडंगर वन विभाग चेक पोस्ट से आगे जंगल की ओर भाग निकला। जब पुलिस टीम ने जंगल में उसे चारों तरफ से घेरा, तो खुद को फंसता देख उसने पुलिसकर्मियों और उनके वाहनों को निशाना बनाकर लगभग तीन राउंड फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में पुलिस का एक वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम के निर्देश पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पूरे जंगल क्षेत्र को सील कर कड़ी घेराबंदी की गई। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में चंदन सागर के सीधे पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही आरोपी पस्त हो गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. तौहीद ने बताया कि देर रात युवक को पैर में गोली लगने की हालत में लाया गया था। गोली पैर के आर-पार निकल गई थी। फिलहाल उसका उपचार कर स्थिति नियंत्रण में कर ली गई है।

रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि चंदन सागर एक दुर्दान्त अपराधी है, जिसके खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास जैसे 15 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोपी पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। हाल ही में रामनगर में हुई एक अन्य वारदात में भी वह नामजद था।

एसएसपी नैनीताल मंजुनाथ टीसी ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी बख्शे नहीं जाएंगे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement