– डीजे वाहन हुआ सीज, अवैध हथियार किए गए बरामद
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने, तेज आवाज में डीजे बजाने और अवैध हथियार लहराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में प्रयुक्त डीजे वाहन (टाटा 407) और एक मोटरसाइकिल को सीज कर दिया गया है।
दरअसल, 15 अगस्त को जिला नियंत्रण कक्ष से सूचना मिली कि श्याम टॉकीज तिराहा (आवास विकास) के पास एक टाटा 407 वाहन (UP14ET8138) में तेज आवाज में डीजे बजाकर खतरनाक ढंग से वाहन चलाया जा रहा है और कुछ युवक मोटरसाइकिलों पर हथियार लहराते हुए हुड़दंग कर रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर डीजे वाहन को एमवी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत सीज किया और मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन युवकों को धारा 172 बीएनएसएस के तहत निरुद्ध किया था।
इसके बाद, 16 अगस्त को सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मोदी मैदान और आंचल दूध की दीवार के पास घेराबंदी कर तीन अन्य संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया। अभियुक्तों की तलाशी और निशानदेही पर पुलिस ने एक फोल्डिंग मछलीनुमा चाकू और दो कापे बरामद किए। आरोपियों के खिलाफ 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही, बिना कागजात पाई गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UK-06-BM-7423) को भी एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में राजीव पुत्र कैलाश साहनी (उम्र 20 वर्ष) निवासी दुर्गा कॉलोनी, भूरारानी, रुद्रपुर, हर्ष उर्फ भोला पुत्र गाया साहनी (उम्र 18 वर्ष) निवासी दुर्गा कॉलोनी भूरारानी, रुद्रपुर, अभिषेक उर्फ कालू पुत्र हरीश चन्द (उम्र 21 वर्ष) निवासी दुर्गा कॉलोनी, भूरारानी, रुद्रपुर, अभय विश्वकर्मा पुत्र राजेन्द्र विश्वकर्मा (उम्र 21 वर्ष) – निवासी रविंद्र नगर, ट्रांजिट कैंप, मोहम्मद हसन पुत्र नबाब अली (उम्र 21 वर्ष) – निवासी प्रीतविहार, रुद्रपुर, सक्षम राजपूत पुत्र मुकेश राजपूत निवासी इंदिरा कॉलोनी, रुद्रपुर शामिल रहे।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी, उपनिरीक्षक महेश काण्डपाल, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, अपर उपनिरीक्षक चन्द्र प्रकाश, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार एवं कांस्टेबल हिमांशु कुमार (थाना ट्रांजिट कैंप) शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य हुड़दंगियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।




