उत्तराखंड में बड़ा स्कैम: करोड़ों की अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति घोटाले में 19 शिक्षण संस्थानों पर मुकदमा दर्ज, एसआईटी गठित 

हरिद्वार में नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर पकड़ी गई हेराफेरी

– भारत सरकार के निर्देश पर हुई बड़ी कार्रवाई

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

हरिद्वार। जिले से केंद्र सरकार की अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति योजना में करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितता और गबन का एक बड़ा मामला सामने आया है। विभागीय जांच में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी के संकेत मिलने के बाद, जिले के 19 प्रतिष्ठित स्कूल, कॉलेज और निजी शिक्षण संस्थानों के खिलाफ सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन के आदेश दिए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021-22 और 2022-23 में अल्पसंख्यक छात्रों के लिए केंद्र सरकार द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर कुछ शिक्षण संस्थानों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गई थीं। इसके बाद भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के निर्देश पर उत्तराखंड शासन ने इस मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए। तत्कालीन जिलाधिकारी ने मामले की तह तक जाने के लिए उप जिलाधिकारियों अध्यक्षता में विशेष जांच समितियों का गठन किया था।भगवानपुर, लक्सर, हरिद्वार और रुड़की के एसडीएम ने अपने-अपने क्षेत्रों के संदिग्ध संस्थानों की भौतिक और दस्तावेजी जांच की। जांच रिपोर्ट में कई संस्थानों द्वारा सरकारी धन के गबन और भारी वित्तीय अनियमितता की पुष्टि की गई।

इसी रिपोर्ट के आधार पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी इप्सिता रावत ने एसएसपी को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद सिडकुल पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसपी नवनीत भुल्लर ने बताया कि  जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी की शिकायत पर 19 संस्थानों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। विभागीय जांच में प्रथम दृष्टया वित्तीय अनियमितता के सबूत मिले हैं। मामला बड़ी धनराशि से जुड़ा है, इसलिए सीओ सदर एस.पी. बलूनी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया जा रहा है।


इन 19 शिक्षण संस्थानों पर मुकदमा दर्ज

गौड ब्लैस पब्लिक स्कूल (सहदेवपुर)

एमजी पब्लिक स्कूल (अहमदपुर ग्रांट)

एएसएन इंटर कॉलेज (धीरवाली, ज्वालापुर)

सैनी प्राइवेट आईटीआई (बहादराबाद)

जय भारती प्राइवेट आईटीआई (पर्दाथा उर्फ धनपुरा)

एसबीएन प्राइवेट आईटीआई (टिक्कमपुर)

आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर (मुस्तफाबाद)

विश्व भारती पब्लिक स्कूल (गाडोवाली)

मदरसा नूर-ए-हसन (हरिद्वार)

जय भारत पीएस (बिंदुखड़क)

हन्नू आईटीआई (भगवानपुर)

रेडियंस एकेडमी (नेहंदपुर सुठारी, लक्सर)

रामतीर्थ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (रहमतपुर, रुड़की)

रुड़की इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (पुहाना)

महर्षि दयानंद प्राइवेट आईटीआई (धनौरी)

संस्कृति पब्लिक स्कूल (भौरी, रुड़की)

फोनिक्स स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड बिजनेस (कांजेल इमलीखेड़ा)

एसडीपीसी गर्ल्स इंटर कॉलेज (रुड़की)

ओम इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन (बढ़ेड़ी राजपूताना, रुड़की)

 

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement