


कैंची धाम से लौट रहे परिवार के मुखिया की मौत, नौ घायल
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। नैनीताल-रुद्रपुर हाईवे पर सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। थाना पंतनगर इलाके के टांडा जंगल हाईवे पर भैंस को बचाने के प्रयास में दो कारों की आपस में आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में कैंची धाम से दर्शन कर लौट रहे परिवार के एक सदस्य की मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों में सवार नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सोमवार तड़के करीब ढाई से तीन बजे के बीच यह हादसा हुआ। कार संख्या यूके 04 एफ़ 8000 रुद्रपुर से हल्द्वानी की ओर जा रही थी, वहीं दूसरी कार संख्या यूपी 14 एफयू 0516 हल्द्वानी से रुद्रपुर की तरफ आ रही थी। टांडा जंगल के पास हाईवे पर एक बेसहारा घूमती हुई भैंस दौड़ते हुए सड़क पार करने लगी। भैंस को बचाने के चक्कर में कार चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा और दोनों कारों के बीच सीधी और जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर 112 आपातकालीन पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने थाना दिनेशपुर निवासी 48 वर्षीय विनोद मिगलानी को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि विनोद मिगलानी अपने परिवार के साथ प्रसिद्ध धार्मिक स्थल नीम करौली बाबा कैंची धाम के दर्शन कर वापस अपने घर लौट रहे थे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे में
मोहित सिडाना, शारदा सिडाना, रुद्र, नंदिनी और दूसरी कार में सवार संतोष राम, संतोष अग्निहोत्री, रक्षपाल सिंह, आनंद सिंह।घायल हो गए। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने मामूली रूप से चोटिल बच्चों और परिजनों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी है, जबकि गंभीर रूप से घायल दो से तीन मरीजों को बेहतर इलाज के लिए निजी (प्राइवेट) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

