सत्यवान गर्ग बने राइस मिलर्स एसोसिएशन के नए अध्यक्ष

– गोदामों में अटका 1.5 लाख टन चावल, मिलर्स ने दी चेतावनी

– 15 सितंबर तक न उठा चावल तो ठप होगी नई धान खरीद

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रूद्रपुर। उत्तराखंड प्रदेश राइस मिलर्स एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन होटल आर्क में सर्वसम्मति से संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी धर्मचन्दखेड़ा, शिवकुमार मित्तल, कैलाश अग्रवाल और संजीव खन्ना की देख-रेख में पूरी कराई गई।

नई कार्यकारिणी में सत्यवान गर्ग को प्रदेश अध्यक्ष, गगन गर्ग को महामंत्री और विकास छाबड़ा को कोषाध्यक्ष चुना गया है। इसके अलावा जितेंद्र सिंगला व हनी अरोड़ा को उपाध्यक्ष तथा रजत अरोड़ा को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बैठक में आगामी धान खरीद सत्र 2026-27 की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष सत्यवान गर्ग ने बताया कि वर्ष 2025-26 का लगभग 1.5 लाख टन चावल अभी भी मिलर्स के गोदामों में अटका हुआ है, जबकि इसकी अंतिम तिथि 15 सितंबर पास आ रही है। गोदामों में जगह न होने से नए सत्र की धान खरीद ठप होने का संकट खड़ा हो गया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि 15 सितंबर तक चावल का उठान नहीं हुआ और किसी मिलर पर कार्रवाई या ब्लैकलिस्टिंग की नौबत आती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी खाद्य विभाग की होगी। ऐसी स्थिति में राइस मिलर्स आगामी धान खरीद सत्र 2026-27 से पूरी तरह बाहर रहेंगे।

एसोसिएशन ने मांग की है कि पिछले वर्षों का करीब 500 करोड़ का बकाया भुगतान तत्काल जारी किया जाए। छत्तीसगढ़ राज्य की तर्ज पर उत्तराखंड में भी मिलिंग चार्ज बढ़ाकर 80 प्रति क्विंटल किया जाए। आगामी सत्र में प्रस्तावित भारी बैंक गारंटी के फैसले को वापस लिया जाए।अपनी मांगों को लेकर एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही देहरादून जाकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेगा। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष सचिन गोयल, अजय बंसल, पंकज बंगा, निकेश अग्रवाल, मंदीप सिंह, राजीव अग्रवाल, रोहतास अग्रवाल, ईश्वर बंसल, संजय गोयल, सुरेश अग्रवाल, हरप्रीत सिंह, सुरेश सिंघल, शरद यादव, राजेन्द्र गुप्ता, गोविंद गोयल, हिमांशु अरोरा, अनिल नारंग, श्याम अग्रवाल, सुमित शयामपुरिया और अमित जिन्दल सहित कई प्रमुख मिलर्स मौजूद रहे।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement