नो-एंट्री तोड़ भाग रहे बेकाबू ट्रक ने टीएसआई को कुचलने का किया प्रयास

– सीपीयू ने घेराबंदी कर चालक को दबोचा

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। राधा स्वामी सत्संग कार्यक्रम के चलते शहर में लागू यातायात डायवर्जन और नो-एंट्री को दरकिनार कर एक तेज रफ्तार ट्रक ने ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस के टीएसआई को कुचलने का प्रयास किया। गनीमत रही कि दरोगा बाल-बाल बच गए। घटना के बाद हरकत में आई सीपीयू की टीम ने तत्परता दिखाते हुए त्रिशूल चौक पर बैरिकेडिंग कर ट्रक को घेर लिया और आरोपी चालक को हिरासत में लेकर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर किच्छा हाईवे की ओर से भारी वाहनों की नो-एंट्री के बावजूद ट्रक (संख्या UP 21 CN 3821) तेज रफ्तार में त्रिशूल चौक की तरफ बढ़ा। वहां तैनात यातायात दरोगा धनपाल सिंह ने जब ट्रक को रोकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार और बढ़ा दी और दरोगा को रौंदने की कोशिश की।

घटना के तुरंत बाद वायरलेस पर मिली सूचना पर सीपीयू कर्मी दीपक भट्ट, गणेश धपोला, गजेंद्र सिंह और प्रकाश कुमार ने त्रिशूल चौक पर मोर्चा संभालते हुए बैरिकेडिंग लगाकर ट्रक को रोक लिया। पुलिस विभाग में हड़कंप मचते ही सीओ सदर विभव सैनी और कोतवाल प्रकाश चंद्र ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement