पहचान का छल, प्रेम का जाल और ब्लैकमेलिंग!

– युवती से दुष्कर्म का आरोपी साकिब गिरफ्तार

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र में युवती के साथ पकड़े गए युवक साकिब अली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवती ने आरोपी पर अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर प्रेम संबंध बनाने, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम आवास विकास क्षेत्र में एक युवती के साथ युवक के पकड़े जाने के बाद हिंदूवादी संगठनों ने हंगामा किया था। पुलिस जांच में सामने आया कि होटल में कमरा बुक कराने के लिए इस्तेमाल की गई आईडी आरोपी की बहन के नाम पर थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी के मोबाइल की जांच में कई फर्जी आईडी और युवतियों की तस्वीरें भी मिलीं।

युवती ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि युवक ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर उसे प्रेमजाल में फंसाया। इसके बाद शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। युवती का यह भी आरोप है कि शिकायत करने पर आरोपी ने उसके फोटो और वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर साकिब अली निवासी गदरपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की जांच की जा रही है।

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement