मोबाइल झपटमारों पर पुलिस का शिकंजा, दो गिरफ्तार

– पांच छीने गए मोबाइल बरामद, वारदात में इस्तेमाल बाइक भी पकड़ी

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप पुलिस ने मोबाइल फोन झपटने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर बाइक भी कब्जे में ली है। कार्रवाई एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई।

पुलिस के मुताबिक, नौ सितंबर को राजेंद्र निषाद उर्फ मोनू निवासी ट्रांजिट कैंप ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह सिडकुल ढाल स्थित परशुराम चौक के पास मोबाइल पर बात करते हुए जा रहा था। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने उसका मोबाइल झपट लिया और फरार हो गए। मामले में ट्रांजिट कैंप थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक जितेंद्र खत्री को सौंपी गई थी।

पुलिस टीम ने सुरागरसी और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की। 13 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गंगापुर रोड स्थित पानी वाली मंदिर के पास दबिश दी। पुलिस को देखकर बाइक सवार दो युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ और तलाशी में रामकिशन उर्फ रामू के कब्जे से एक ओपो मोबाइल बरामद हुआ, जिसकी पहचान मुकदमे में छीने गए मोबाइल के रूप में हुई। वहीं सागर राजपूत उर्फ खत्री के पास से चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बाइक भी कब्जे में ले ली।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर राजपूत उर्फ खत्री (19) निवासी महालक्ष्मी फेस-2, ट्रांजिट कैंप और रामकिशन उर्फ रामू (19) निवासी संजयनगर खेड़ा, ट्रांजिट कैंप के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से क्रमश: नैनीताल और पीलीभीत जिले के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों को संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक जितेंद्र खत्री, अपर उपनिरीक्षक चंद्र प्रकाश बवाड़ी, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल हिमांशु शामिल रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement