13 साल पहले खरीदे प्लॉट को प्रॉपर्टी डीलरों ने दोबारा बेचा

विरोध करने पर धारचूला निवासी को तमंचा दिखाकर दी जान से मारने की धमकी

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। पिथौरागढ़ जिले के एक व्यक्ति के साथ रुद्रपुर में जमीन के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलरों ने 13 साल पहले बेचे गए प्लॉट को जालसाजी कर किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया और विरोध करने पर पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित जगदीश सिंह निवासी धारचूला, पिथौरागढ़ ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने 2013 और 2014 में रुद्रपुर देहात क्षेत्र में अवधेश पांडे, राणा प्रताप सिंह, दिनेश सिंह और केशव चौधरी (अब मृतक) से दो प्लॉट कुल 12,72,000 रुपये में खरीदे थे। उन्होंने सारी धनराशि चेक और बैंक ट्रांसफर के माध्यम से मुख्य डीलर के खाते में जमा की थी, जिसके बाद उनकी रजिस्ट्री और दाखिल-खारिज भी हो गया था।  जब तक मुख्य डीलर केशव चौधरी जीवित था, तब तक कोई विवाद नहीं था। लेकिन उनके निधन के बाद आरोपी अवधेश पांडे ने धोखाधड़ी शुरू कर दी।

पीड़ित का आरोप है कि अवधेश ने पीड़ित के प्लॉट से लोहे के एंगल उखाड़ दिए और उस पर जबरन गेहूं की फसल लगा दी।  आरोपी ने एक मई 2025 को पीड़ित का प्लॉट कंचन यादव नाम की महिला को बेच दिया और अगस्त 2025 में उसका दाखिल-खारिज भी करा दिया। आरोप लगाया कि 24 अगस्त 2025 को जब वह अपने प्लॉट पर पहुंचे, तो अवधेश पांडे अपने अन्य साथियों के साथ गाड़ी संख्या से वहां आया। आरोप है कि दबंगों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौच की। तमंचा दिखाकर पीड़ित को जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि जिंदा जमीन में गाड़ दूंगा।

पीड़ित ने कुमाऊं आयुक्त के माध्यम से भी मामले की शिकायत की थी, जिसके बाद उन्हें कब्जा तो दिलाया गया पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement