– मीडिया सेंटर के नामकरण पर सीएम धामी का आश्वासन
– नैनीताल, हल्द्वानी में दी गई दिवंगत जिला सूचना अधिकारी को श्रद्धांजलि
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
नैनीताल/हल्द्वानी। जिला सूचना अधिकारी स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के असमय निधन पर नैनीताल और हल्द्वानी में शोक सभाएं आयोजित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। पत्रकारों और सूचना विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए उनके योगदान और कार्यशैली को याद किया।
हल्द्वानी स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित शोक सभा को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दूरभाष के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने स्वर्गीय जोशी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका असमय चले जाना बेहद पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जोशी निरंतर काम करने और हर परिस्थिति में मजबूती से खड़े रहने वाले व्यक्ति थे। उनके कार्य और व्यवहार से बनी पहचान हमेशा स्मरण में रहेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि स्वर्गीय जोशी की स्मृतियों और उनके कार्यों को लंबे समय तक याद रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इसी दौरान शोक सभा में मौजूद पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के समक्ष हल्द्वानी में निर्माणाधीन नवीन मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा। मुख्यमंत्री ने प्रस्ताव पर विचार-विमर्श कर सभी की सहमति से आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इससे पहले नैनीताल जिला सूचना कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भी पत्रकारों ने जिला सूचना कार्यालय के नव निर्मित कॉन्फ्रेंस हॉल तथा हल्द्वानी के निर्माणाधीन मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा। सूचना संपादक कमलेश भट्ट ने कहा कि जोशी की स्मृतियों और उनके उल्लेखनीय कार्यों को स्थायी रूप से यादगार बनाने के लिए पत्रकारों की मांग मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि गिरिजा शंकर जोशी अपने दायित्वों के प्रति पूरी तरह समर्पित रहे। उन्होंने अपनी कार्यशैली, व्यवहार और सहज व्यक्तित्व से जो पहचान बनाई, वह लंबे समय तक याद की जाएगी। उनका असमय निधन व्यक्तिगत और विभागीय स्तर पर भी गहरी क्षति है।
दोनों शोक सभाओं में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की गई।
हल्द्वानी की शोक सभा में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी, दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला, मीडिया कोऑर्डिनेटर कमलेश भट्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, कोषाधिकारी द्वारिका प्रसाद वर्मा, सूचना अधिकारी मीडिया सेंटर अहमद नदीम समेत पत्रकार और सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। नैनीताल में भी नगर के पत्रकारों तथा सूचना विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।




