– महापौर विकास शर्मा की अगुवाई में नीलकंठ धाम में रुद्राभिषेक
– मुख्यमंत्री की दीर्घायु और प्रदेश की खुशहाली की कामना
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर रुद्रपुर में धार्मिक अनुष्ठान से लेकर सेवा कार्यक्रम तक आयोजित किए गए। महापौर विकास शर्मा की अगुवाई में पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने नीलकंठ धाम में रुद्राभिषेक कर मुख्यमंत्री की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद ट्रांजिट कैंप स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में बच्चों के साथ केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा की गईं और विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए गए।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री के जन्मदिन को सेवा कार्यों से जोड़ना समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देता है। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अनुशासन व संस्कारों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान महापौर ने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा, रोजगार, खेल और युवाओं से जुड़े क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 16 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान में जनभागीदारी के साथ जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।





