– कमिश्नर के निर्देश पर डीएम ने बैठाई जांच
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
हल्द्वानी। रामनगर नगर पालिका के कूड़ा और सिंगल यूज प्लास्टिक निस्तारण को लेकर प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मामले की पड़ताल के लिए दो सदस्यीय जांच समिति गठित की है।
नगर पालिका की ओर से बताया गया है कि कूड़े और सिंगल यूज प्लास्टिक के निस्तारण के लिए हल्द्वानी स्थित झील विकास प्राधिकरण के प्लास्टिक प्लांट का उपयोग किया जा रहा है। प्रशासन को सूचना मिली है कि उक्त प्लांट वर्तमान में क्रियाशील नहीं है। ऐसे में कूड़ा वास्तव में कहां और किस तरीके से निस्तारित किया जा रहा है, इसकी जांच कराई जाएगी। जांच समिति में उप जिलाधिकारी रामनगर को अध्यक्ष और उप कोषाधिकारी रामनगर को सदस्य बनाया गया है। समिति अभिलेखों की जांच के साथ मौके पर जाकर भी स्थिति का सत्यापन करेगी।
जांच में नगर पालिका के कूड़ा और सिंगल यूज प्लास्टिक निस्तारण की मौजूदा व्यवस्था, ब्लीचिंग पाउडर, डीबीटी और अन्य रसायनों के चालू वित्तीय वर्ष के स्टॉक व खरीद का ब्योरा तथा स्टॉक रजिस्टर में दर्ज प्रविष्टियों की भी पड़ताल होगी। इसके अलावा नगर पालिका के कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों की शासन की निर्धारित एसओपी के अनुसार बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज होने की स्थिति भी जांच के दायरे में रहेगी।
जिलाधिकारी ने समिति को अभिलेखीय और स्थलीय परीक्षण के बाद तथ्यात्मक, स्पष्ट और बिंदुवार जांच रिपोर्ट सभी संबंधित साक्ष्यों व अभिलेखों के साथ 15 दिन के भीतर जिलाधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।




