युवक पर जानलेवा हमला, वायरल वीडियो ने खोला राज!

– 24 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल हथियार

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

खटीमा। इस्लामनगर में युवक पर जानलेवा हमले के मामले में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पुलिस के लिए अहम सुराग बना। घटना के महज 24 घंटे के भीतर कोतवाली खटीमा पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बंका और कुल्हाड़ी भी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर की रात इस्लामनगर निवासी सद्दाम पर फरमान, उसके भाई साहिल, आदिल निवासी इस्लामनगर, खटीमा ने हमला किया था। हमले में सद्दाम के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि हमलावर उसे मृत समझकर मौके पर छोड़कर फरार हो गए और जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने बना लिया था, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

पुलिस को दी गई तहरीर में सद्दाम के भाई दिलशाद ने आरोप लगाया कि उसके छोटे भाई ने मोहल्ले में नशा करने से आरोपियों को रोका था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपियों ने सद्दाम के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि फरमान ने बंका और आदिल ने छोटी कुल्हाड़ी से सद्दाम पर जान से मारने की नीयत से वार किए। 30 सितंबर को कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 30 सितंबर को कुनाल मार्केट के पीछे खाली मैदान के पास से तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक अक्टूबर को घटना में प्रयुक्त बंका और कुल्हाड़ी बरामद कर ली। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले की विवेचना जारी है और सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement