न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
किच्छा। ऊधमसिंहनगर में नशे के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस के हाथ 1200 नशीले कैप्सूल लगे। दरऊ चौकी क्षेत्र में पकड़े गए आरोपी से करीब 462 ग्राम नशीली दवा बरामद हुई। पूछताछ में किच्छा से कैप्सूल की सप्लाई मिलने की बात सामने आने के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
23 सितंबर को एएनटीएफ रुद्रपुर और किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम वीरूनगला मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार छोटे खां (40) को रोककर तलाशी ली गई। उसके पास से 1200 नशीले कैप्सूल बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह कैप्सूल किच्छा निवासी अनीस अहमद से लेकर नशे के आदी युवाओं को बेचता था। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में टांडा बहेड़ी क्षेत्र में क्लिनिक की आड़ में नशीले कैप्सूल के कारोबार की जानकारी भी मिली है।
एक गिरफ्तारी के बाद पुलिस की जांच अब कथित सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने पर केंद्रित है। पुलिस अन्य संदिग्ध लोगों की भूमिका और कैप्सूल की सप्लाई के स्रोत की जानकारी जुटा रही है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली किच्छा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उसके कब्जे से एक मोटरसाइकिल, 650 रुपये और मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।




