हल्द्वानी में नशे का बड़ा खेल! 190 इंजेक्शन के साथ युवक गिरफ्तार

– बनभूलपुरा पुलिस के साथ एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई

– बुप्रेनॉरफिन और एविल के 95-95 इंजेक्शन बरामद

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो 

हल्द्वानी। STF की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट और बनभूलपुरा पुलिस की संयुक्त टीम ने हल्द्वानी में एक युवक को 190 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद इंजेक्शनों में 95 बुप्रेनॉरफिन और 95 एविल इंजेक्शन शामिल हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशीले इंजेक्शनों की सप्लाई के स्रोत और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

STF के मुताबिक, राज्य में नशीले पदार्थों और नशीली दवाओं की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स लगातार निगरानी कर रही है। इसी क्रम में कुमाऊं यूनिट ने इनपुट जुटाने के बाद बनभूलपुरा पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान बनभूलपुरा थाना क्षेत्र से अदनान कुरैशी (23) को गिरफ्तार किया गया। वह लाइन नंबर-17, लाल मस्जिद के सामने, वार्ड नंबर-25, बनभूलपुरा का निवासी है।

आरोपी के कब्जे से कुल 190 इंजेक्शन बरामद होने के बाद STF अब इनके स्रोत और वितरण नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। जांच में आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इंजेक्शन कहां से लाए गए थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान में STF एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट के निरीक्षक पावन स्वरूप, उपनिरीक्षक विनोद जोशी और जगदीप नेगी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। वहीं, बनभूलपुरा कोतवाली की ओर से निरीक्षक दिनेश फर्त्याल, उपनिरीक्षक जगबीर सिंह और आरक्षी सुनील कुमार ने कार्रवाई में भाग लिया।

STF ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों और नशीली दवाओं की अवैध बिक्री या तस्करी से जुड़ी जानकारी पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाया जा सके।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement