नवरात्र में मीट की दुकानें खुली रखना पड़ा भारी, दो दुकानदारों पर जुर्माना

– रुद्रपुर में त्रिशूल चौक के पास पकड़ा गया कच्चा और पका मांस

– महापौर विकास शर्मा के निर्देश पर कार्रवाई, आगे भी जारी रहेगी चेकिंग

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो 

रुद्रपुर। नवरात्र के दौरान मांस की बिक्री पर प्रतिबंध के बावजूद दुकानें खुली रखने वालों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को निगम की टीम ने त्रिशूल चौक के पास छापेमारी कर दो दुकानों से कच्चा और पका हुआ मांस बरामद किया। नियमों का उल्लंघन मिलने पर दोनों दुकानदारों के पांच-पांच हजार रुपये के चालान काटे गए। नगर निगम की इस कार्रवाई से मांस विक्रेताओं में हड़कंप मच गया।

नवरात्र पर्व को देखते हुए नगर निगम ने शहरी क्षेत्र में कच्चे और पके हुए मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया है। महापौर विकास शर्मा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में बुधवार को निगम की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान त्रिशूल चौक के पास स्थित सुखविंदर और जुनैद की दुकानों पर कच्चा और पका हुआ मांस मिलने पर कार्रवाई की गई। निगम की टीम ने दोनों दुकानदारों के पांच-पांच हजार रुपये के चालान काटे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नवरात्र के दौरान प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

महापौर बोले- नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नवरात्र का पर्व श्रद्धा, आस्था और धार्मिक परंपराओं से जुड़ा है। श्रद्धालुओं की भावनाओं और धार्मिक परंपराओं का सम्मान करते हुए नगर निगम ने पूर्व की भांति इस बार भी शहरी क्षेत्र में मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंध के बावजूद नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निगम की टीम को प्रभावी निगरानी रखने और उल्लंघन के मामलों में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement