किच्छा के प्राचीन मंदिरों और ऐतिहासिक गुरुद्वारे को मानसखंड मिशन से जोड़ने की पहल

– भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक दीप सिंह बोले – मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे प्रस्ताव

– धार्मिक धरोहरों को पहचान दिलाने का संकल्प

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

किच्छा। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक दीप सिंह ने किच्छा के प्राचीन मंदिरों और ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब को मानसखंड मंदिर माला मिशन से जोड़ने की पहल करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष प्रस्ताव रखा जाएगा, ताकि क्षेत्र की ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरों को संरक्षण एवं नई पहचान मिल सके।

विवेक दीप सिंह शुक्रवार को पुरानी गल्ला मंडी स्थित रामलीला मंच पर नवीन कला केंद्र की ओर से आयोजित किच्छा की प्राचीन रामलीला के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर रामलीला मंचन का विधिवत शुभारंभ किया।

उन्होंने कहा कि किच्छा ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक विरासत से समृद्ध नगर है, लेकिन यहां के प्राचीन मंदिरों और ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों को अपेक्षित पहचान और संरक्षण नहीं मिल पाया है। उन्होंने इसके लिए पूर्व में रहे बाहरी जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा को जिम्मेदार ठहराया।

विवेक दीप सिंह ने कहा कि उनका प्रयास किच्छा की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत को शासन के स्तर पर उचित स्थान दिलाना है। मानसखंड मंदिर माला मिशन से धार्मिक स्थलों को जोड़ने का प्रस्ताव आगे बढ़ने पर उनके संरक्षण, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार की दिशा में काम हो सकेगा। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी लाभ पहुंचने की उम्मीद है।

रामलीला के महत्व पर उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, त्याग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। किच्छा की प्राचीन रामलीला सनातन संस्कृति और पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं का प्रतीक है। ऐसी सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पंडित नगत शर्मा, भाजपा जिला मंत्री अक्षय अरोड़ा, वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश उपाध्याय, प्रह्लाद खुराना, सुनील गुप्ता, मोहन चोपड़ा, सिफ कुमार मित्तल, उमेश अग्रवाल, जितेंद्र कुमार अग्रवाल, हरीश सक्सेना, दिव्यांशु अग्रवाल, नितेश बाला, ओम प्रकाश अग्रवाल, सन्नी अग्रवाल और अंकुर अग्रवाल सहित रामलीला कमेटी के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement