– सीआईआई कुमाऊं की नई कार्यकारिणी घोषित
– एलएससी इंफ्राटेक लिमिटेड के निदेशक सौरभ अग्रवाल को मिली अहम जिम्मेदारी
– क्षेत्र में औद्योगिक विकास और उद्यमों के बीच सहयोग बढ़ाने पर रहेगा जोर
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) उत्तराखंड ने कुमाऊं जोन की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। नई कार्यकारिणी में अशोक अग्रवाल को कुमाऊं जोन का अध्यक्ष और एलएससी इंफ्राटेक लिमिटेड के निदेशक सौरभ अग्रवाल को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नई टीम से क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति देने, उद्योगों के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने और नए व्यावसायिक अवसर विकसित करने की उम्मीद जताई गई है।
अशोक अग्रवाल को चावल प्रसंस्करण, विनिर्माण और निर्यात के क्षेत्र में व्यापक औद्योगिक अनुभव है। उनके नेतृत्व में सीआईआई और कुमाऊं के उद्योग जगत के बीच समन्वय मजबूत होने के साथ ही औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की अपेक्षा है।
वहीं, सौरभ अग्रवाल औद्योगिक गैस, खनन, ऑटोमोबाइल और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में अनुभव रखते हैं। संयंत्र संचालन और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में उनकी विशेषज्ञता से सीआईआई की विभिन्न पहलों को आगे बढ़ाने और उद्योग जगत के साथ साझेदारी मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
नई कार्यकारिणी के सामने कुमाऊं में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने, उद्यमियों के बीच सहयोग बढ़ाने और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को आगे बढ़ाने जैसी प्राथमिकताएं रहेंगी। इसके साथ ही क्षेत्र के उभरते व्यवसायों को नए अवसर उपलब्ध कराने और उत्तराखंड के औद्योगिक परिवेश को मजबूत करने पर भी जोर रहेगा।
नई कार्यकारिणी को उद्योग जगत से जुड़े समूहों ने बधाई दी है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी औद्योगिक समूहों का आभार जताते हुए सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने और उद्योग जगत के हित में काम करने का भरोसा दिलाया।




