– दूसरी युवती से सगाई, पहली ने खोली पोल
– गौरा शक्ति ऐप पर शिकायत के बाद गिरफ्तारी
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
दिनेशपुर। शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप और फिर किसी दूसरी युवती से सगाई की खबर। मामला पुलिस तक पहुंचा तो पीड़िता की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई शुरू हो गई। गौरा शक्ति ऐप के माध्यम से मिली सूचना पर दिनेशपुर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित थाने लेकर आई। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी राजेश भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पीड़िता पर समझौते का दबाव बनाने और जबरन हस्ताक्षर कराने के प्रयास के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को थाना दिनेशपुर क्षेत्र की एक महिला ने गौरा शक्ति ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि ग्राम कुल्हा निवासी राजेश भारद्वाज ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया। अब आरोपी ने किसी अन्य युवती से सगाई कर ली है।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में ग्राम कुल्हा निवासी जसवीर सिंह पर भी गंभीर आरोप लगाए। महिला के मुताबिक, उस पर समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा था और समझौते के कागजात पर जबरन हस्ताक्षर कराने का प्रयास किया गया। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए थाना दिनेशपुर से महिला उपनिरीक्षक समेत पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पीड़िता को सुरक्षित निकाला। इस दौरान जसवीर सिंह की ओर से विवाद किए जाने की सूचना भी सामने आई। पुलिस टीम पीड़िता और संबंधित व्यक्तियों को थाने ले आई।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना दिनेशपुर में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने राजेश भारद्वाज और अन्य के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69, 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने राजेश भारद्वाज और जसवीर सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी राजेश भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की संबंधित सैन्य यूनिट को भी नियमानुसार सूचना दी जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने महिलाओं से अपील की है कि शारीरिक शोषण, उत्पीड़न, धमकी या जबरन समझौते का दबाव बनाए जाने की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। महिलाएं गौरा शक्ति ऐप के माध्यम से भी अपनी शिकायत पुलिस तक पहुंचा सकती हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में महिला उपनिरीक्षक नेहा राणा, उपनिरीक्षक लोकेश कुमार, हेड कांस्टेबल कृपाल बोरा और कांस्टेबल विकास चन्द्र शामिल रहे।




