


पीएम की अपील को संजय ने बताया डेथ वारंट
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से आगामी एक वर्ष तक सोना न खरीदने की अपील के बाद सर्राफा कारोबारियों में गहरी चिंता और आक्रोश है। प्रादेशिक व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय जुनेजा ने इस बयान को सर्राफा बाजार के लिए डेथ वारंट करार दिया है। जुनेजा का कहना है कि पहले से ही आर्थिक मंदी और महंगाई की मार झेल रहा यह उद्योग इस अपील के बाद पूरी तरह धराशायी हो सकता है।
मंगलवार को बयान जारी कर व्यापार मंडल अध्यक्ष ने तर्क दिया कि भारत में सोना केवल आभूषण नहीं, बल्कि सुरक्षित निवेश और संकट का साथी माना जाता है। ऐसे में देश के शीर्ष नेतृत्व की इस अपील से बाजार में नकारात्मक संदेश गया है। यदि खरीदारी रुकी, तो व्यापारियों के पास जमा भारी स्टॉक के ब्याज का बोझ उन्हें दिवालियापन की ओर ले जाएगा। इसका सीधा असर न केवल शोरूम मालिकों पर, बल्कि इस उद्योग से जुड़े लाखों कारीगरों, पॉलिश मजदूरों और छोटे स्वर्णकारों के चूल्हे पर भी पड़ेगा। व्यापार मंडल ने केंद्र सरकार से मांग की है कि छोटे व्यापारियों और कारीगरों के हितों को देखते हुए इस तरह के फैसलों पर पुनर्विचार किया जाए।

