2027 में भाजपा की वापसी का दावा

– सांसद दिनेश आर्या बोले, किच्छा में भी लहराएगा जीत का परचम

– नवनियुक्त राज्यसभा सांसद का स्वागत, कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो 

किच्छा। नवनियुक्त राज्यसभा सांसद दिनेश आर्या ने कहा कि भाजपा प्रदेश में एक बार फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने किच्छा-पंतनगर विधानसभा सीट पर भी भाजपा की जीत का भरोसा जताया। आर्या के बयान को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी की चुनावी तैयारी और स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

नवनियुक्त राज्यसभा सांसद दिनेश आर्या के पहली बार किच्छा पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। भाजपा नेता एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक दीप सिंह के कार्यालय में आयोजित स्वागत समारोह में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव और संगठन की मजबूती को लेकर भी चर्चा हुई।

स्वागत समारोह से पहले दिनेश आर्या ने किच्छा के दीनदयाल चौक पहुंचकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के विचारों को याद करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण का लाभ पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आर्या ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। किच्छा-पंतनगर सीट पर भी पार्टी जीत हासिल करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की एकजुटता बनाए रखने और चुनाव की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

भाजपा नेता विवेक दीप सिंह ने कहा कि दिनेश आर्या का राजनीतिक अनुभव और संगठन के प्रति समर्पण कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके राज्यसभा सांसद बनने से उत्तराखंड को लाभ मिलेगा और उनके मार्गदर्शन से संगठन को मजबूती मिलेगी। कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। वरिष्ठ नेतृत्व का मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं का परिश्रम पार्टी को मजबूत बनाता है। उन्होंने दावा किया कि किच्छा-पंतनगर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों, जनसमस्याओं के समाधान और संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ता लगातार सक्रिय हैं।

कार्यक्रम में संगठनात्मक विषयों, क्षेत्रीय विकास और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई। राज्यसभा सांसद के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना, पूर्व मंडल अध्यक्ष लवी सहगल, लता सिंह, जिला मंत्री अक्षय अरोड़ा, संजीव कुमार सिंह, संजीव खन्ना, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष बिट्टू चौहान, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष हारुन मलिक, महिला मोर्चा जिला महामंत्री प्रेमलता चौहान, महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष कविता मान, ऋतु अग्रवाल, सैल शुक्ला, जानकी तिवारी, सुरेंद्र चौधरी, बलकेश चौधरी, नवजोत सिंह, ब्रह्मानंद पुरोहित, शशांक सिंह और विशाल चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement