


देहरादून में विधायक शिव अरोरा के नेतृत्व में हुई जॉइनिंग
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, देहरादून। रुद्रपुर की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। कांग्रेस की कद्दावर नेता, पूर्व पालिका अध्यक्ष और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मीना शर्मा ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस को अलविदा कहकर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है।
देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा की उपस्थिति में मीना शर्मा और उनके साथियों को भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर मीना शर्मा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को गदा भेंट कर अपना आभार व्यक्त किया।
भाजपा में शामिल होने के बाद मीना शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। कहा कि कांग्रेस का चरित्र महिला विरोधी है। एक तरफ लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ का नारा दिया जाता है, वहीं दूसरी ओर संसद में महिलाओं को 33% आरक्षण देने वाले नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध किया जाता है। रुद्रपुर में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल द्वारा महिलाओं के प्रति इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा के बावजूद कांग्रेस ने उन्हें गले लगाया। जिस पार्टी में महिला नेत्री का सम्मान सुरक्षित नहीं, वहां रहने का कोई औचित्य नहीं है।
मीना शर्मा के साथ ही अनिल शर्मा, संजीव रस्तोगी (महानगर सेवा दल अध्यक्ष), सुमित राय (नगर सचिव), दिनेश मौर्य (महामंत्री), रामप्रसाद (पूर्व अध्यक्ष एससी प्रकोष्ठ), पूनम गुप्ता (महिला उपाध्यक्ष), और श्वेता शर्मा समेत दर्जनों पदाधिकारियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
विधायक शिव अरोरा बोले- कांग्रेस अब डूबता जहाज
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मीना शर्मा जैसे वरिष्ठ नेताओं के आने से भाजपा को उनके अनुभव और नारी शक्ति के बीच उनकी पकड़ का बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस अब रुद्रपुर में उन नेताओं के भरोसे है जिनकी घटिया सोच ऑडियो-वीडियो के माध्यम से जनता देख चुकी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में कांग्रेस के कई और बड़े चेहरे भाजपा में शामिल होंगे।

